डाक बंगला परिसर में 10 सागौन के पेड़ काटने का आरोप, सिंचाई विभाग घिरा; वन विभाग ने शुरू की कार्रवाई

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



पर्यावरण संरक्षण के सरकारी अभियानों के बीच हरे पेड़ों की कटान से उठे सवाल, जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज। पर्यावरण संरक्षण और पौधरोपण को लेकर सरकार जहां लगातार जागरूकता अभियान चला रही है, वहीं सरकारी विभाग के परिसर में हरे-भरे सागौन के पेड़ों की कटान का मामला सामने आने से सवाल खड़े हो गए हैं। मामला पकड़ी वन रेंज क्षेत्र के ग्राम सभा खुटहा स्थित सिंचाई विभाग के डाक बंगला परिसर (पतिसर) का है, जहां स्थानीय लोगों ने 10 सागौन के पेड़ काटे जाने का आरोप लगाया है।


ग्रामीणों के अनुसार शुक्रवार को दिनदहाड़े परिसर में खड़े सागौन के पेड़ों की कटाई की गई। आरोप है कि कटे हुए पेड़ों को विभाग से जुड़े कुछ कर्मचारी अपने साथ ले गए। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोग पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।


ग्रामीणों का कहना है कि एक ओर सरकार “एक पेड़ मां के नाम” जैसे अभियान चलाकर लोगों को पौधरोपण और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित कर रही है, वहीं दूसरी ओर सरकारी परिसरों में ही हरे-भरे पेड़ों की कटाई होने के आरोप गंभीर चिंता का विषय हैं। उनका कहना है कि यदि सरकारी कर्मचारी ही पेड़ों की सुरक्षा के बजाय उनकी कटान में संलिप्त पाए जाते हैं, तो आम लोगों में गलत संदेश जाएगा।


स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया है कि पेड़ों की कटाई किसके आदेश पर कराई गई, क्या इसके लिए सक्षम अधिकारी से अनुमति ली गई थी और कटी हुई सागौन की लकड़ी को किस उद्देश्य से हटाया गया। ग्रामीणों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।


इस संबंध में सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता विनोद कुमार वर्मा ने बताया कि खुटहा डाक बंगले पर पहले से रखी सागौन और शीशम की पुरानी लकड़ी को मजदूरों के माध्यम से मुजूरी डाक बंगले पर भेजा गया है। नए पेड़ों की कटाई की जानकारी उन्हें नहीं है। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी लेकर आवश्यक तथ्य स्पष्ट किए जाएंगे।


उधर, उप प्रभागीय वनाधिकारी सुशील कुमार सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं था। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम को मौके पर भेजकर जांच कराई जा रही है। यदि जांच में कोई कर्मचारी पेड़ों की अवैध कटान में संलिप्त पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


पकड़ी वन रेंज के क्षेत्रीय वनाधिकारी सुशांत मणि त्रिपाठी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग के विरुद्ध कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं क्षेत्रीय वन दरोगा विपुल मिश्रा ने बताया कि मौके पर कुल 10 पेड़ों की कटान की पुष्टि हुई है और संबंधित विभाग के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *