सिसवा को स्वतंत्रता दिवस पर मिली जनसुविधाओं की बड़ी सौगात, जनता विवाह भवन समेत कई सुविधाओं का लोकार्पण

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी

सिसवा बाजार/महराजगंज। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सिसवा नगर पालिका क्षेत्र की जनता को एक साथ कई महत्वपूर्ण जनसुविधाओं की सौगात मिली। सिसवा में आयोजित जनता मैरिज हॉल के लोकार्पण कार्यक्रम में चेयरमैन शकुंतला जायसवाल, चेयरमैन प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल के साथ सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया और नगर पालिका सिसवा के अधिशाषी अधिकारी की गरिमामयी उपस्थिति रही।

लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
नगर पालिका की ओर से करीब 1.95 करोड़ रुपये की लागत से तैयार ‘जनता’ विवाह भवन नगरवासियों के लिए प्रमुख आकर्षण रहा। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस भवन का उद्देश्य लोगों को शादी-विवाह एवं अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा कम खर्च में उपलब्ध कराना है।

इसके साथ ही नगरवासियों को स्वास्थ्य, आपातकालीन और अंतिम संस्कार से जुड़ी महत्वपूर्ण सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं। गंभीर मरीजों को गोरखपुर और लखनऊ तक ले जाने में ‘जीवन रथ’ सक्षम एंबुलेंस सेवा शुरू की गई है। वहीं अंतिम यात्रा के दौरान जरूरतमंद परिवारों की सुविधा के लिए दो मोक्ष रथ तथा शवों को सुरक्षित रखने के लिए डेड बॉडी फ्रीजर (डीपफ्रिज ताबूत) की व्यवस्था की गई है।

शिक्षा के क्षेत्र में भी नगर पालिका ने पहल करते हुए विद्यार्थियों के लिए नई लाइब्रेरी की सुविधा उपलब्ध कराई है। इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों और अध्ययनरत विद्यार्थियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
इस कार्यक्रम में बिरहा गायक प्रमोद यादव व बिरहा गायिका सुमन पाल ने अपनी प्रस्तुति से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।


स्वतंत्रता दिवस पर एक साथ विवाह भवन, एंबुलेंस, मोक्ष रथ, डेड बॉडी फ्रीजर और लाइब्रेरी जैसी सुविधाओं का मिलना सिसवा नगरवासियों के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है। इन जनसुविधाओं से आम लोगों को स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक आयोजन और अंतिम संस्कार जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सीधे राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *