हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी
सिसवा बाजार/महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के ग्राम सोहट में गली के रास्ते में सीढ़ी बनाए जाने का विरोध करने पर मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित भोला गुप्ता ने चार लोगों पर फावड़ा, रॉड और लाठी-डंडे से हमला करने का आरोप लगाते हुए कोठीभार थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले में अभियोग पंजीकृत कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, 14 अगस्त की दोपहर करीब 2:30 बजे उत्तीम गुप्ता रास्ते में सीढ़ी का निर्माण करा रहे थे। भोला गुप्ता ने रास्ते में निर्माण करने से मना किया तो इसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि उत्तीम गुप्ता, सतीश गुप्ता, जितेंद्र गुप्ता और गब्बू गुप्ता ने मिलकर भोला गुप्ता के साथ मारपीट शुरू कर दी।
शोर सुनकर भोला की मां सिंधु देवी और पिता सुग्रीव गुप्ता बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपितों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी। घटना में तीनों को चोटें आने की बात तहरीर में कही गई है। पीड़ित ने आरोपितों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
मामले में थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा के निर्देश पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण की जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

