हर्षोदय टाइम्स / अर्जुन चौधरी
सिसवा बाजार/महराजगंज। थाना कोठीभार क्षेत्र के वार्ड संख्या 25 मीराबाई नगर स्थित पोखरा टोला में रविवार को एक हृदयविदारक हादसे में निर्माणाधीन पोखरे में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मिली जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 2 बजे पुलिस को सूचना मिली कि पोखरा टोला स्थित निर्माणाधीन पोखरे में नहाने गए कुछ बच्चे डूब गए हैं। सूचना मिलते ही थाना कोठीभार पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि गांव के चार बच्चे—राजबीर पुत्र उमेश यादव (13 वर्ष), नीतीश यादव पुत्र रमेश यादव (14 वर्ष), रोहन पुत्र रामलखन (13 वर्ष) तथा कृष्णा रौनियार पुत्र कबूतर रौनियार (15 वर्ष)—निर्माणाधीन पोखरे में नहाने गए थे। इसी दौरान नीतीश, रोहन और कृष्णा गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
तीनों को डूबता देख राजबीर घबराकर तैरकर पानी से बाहर निकला और घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद स्थानीय ग्रामीण, पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंचे तथा काफी प्रयास के बाद तीनों बच्चों को पोखरे से बाहर निकाला गया। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृत बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है।
थाना कोठीभार पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा घटनास्थल पर शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।

