गाली-गलौज के बाद मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया अभियोग
हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी
सिसवा बाजार/महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के सोहट गांव में मकान निर्माण कार्य के दौरान विवाद में एक राजगीर के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है।
पीड़ित गब्बू पुत्र मगरू गुप्ता ने थाना कोठीभार में तहरीर देकर दो लोगों पर लाठी-डंडे से मारपीट करने, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
पीड़ित के अनुसार वह 14 अगस्त की सुबह करीब नौ बजे गांव में जितेंद्र पुत्र उतीम गुप्ता के मकान में राजगीरी का कार्य कर रहा था। दोपहर करीब एक बजे मकान को लेकर उतीम गुप्ता और उनके पट्टीदारों के बीच कहासुनी होने लगी। इसी दौरान जब वह नाश्ता करने के लिए जाने लगा तो भोला पुत्र नहर और नहर पुत्र स्व. ठगई ने कथित रूप से उसे रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी और लाठी-डंडे से मारपीट करने लगे।
पीड़ित ने बताया कि मारपीट में उसके बाएं हाथ, सीने के दाहिने हिस्से समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। आसपास के लोगों के बीच-बचाव करने पर उसकी जान बच सकी। आरोप है कि हमलावरों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित की तहरीर पर थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा के निर्देश पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा घटना की परिस्थितियों और आरोपों की जांच की जा रही है।

