आईआईटी धनबाद में चयनित होकर आदर्श कुमार ने बढ़ाया महराजगंज का मान

उत्तर प्रदेश मनोरंजन


सावित्री पब्लिक स्कूल के छात्र की सफलता पर विद्यालय में खुशी, प्रबंधन ने दी बधाई


परतावल (महराजगंज)। परतावल स्थित सीबीएसई मान्यता प्राप्त प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सावित्री पब्लिक स्कूल के मेधावी छात्र आदर्श कुमार का देश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थान आईआईटी (आईएसएम) धनबाद में चयन होने पर विद्यालय सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। छात्र की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसे महराजगंज के लिए गर्व का क्षण बताया।


विद्यालय के निदेशक श्री बी.के. पांडे ने आदर्श कुमार, उनके माता-पिता तथा मार्गदर्शन देने वाले शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आदर्श की उपलब्धि न केवल विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। विद्यालय का उद्देश्य ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उचित मार्गदर्शन देकर देश के शीर्ष शिक्षण संस्थानों तक पहुंचाना है।


इस अवसर पर विद्यालय की सहायक निदेशक श्रीमती जया पांडे ने कहा कि आदर्श कुमार की सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।


वहीं, प्राचार्या श्रीमती प्रीति पांडे ने छात्र की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षकों के समर्पित प्रयास और छात्र की लगन का ही यह सुखद परिणाम है।


आदर्श कुमार के आईआईटी धनबाद में चयन पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं अभिभावकों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिसर में इस उपलब्धि को लेकर उत्साह का माहौल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *