महराजगंज। सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो को लेकर बाइक राइडर एवं सोशल मीडिया प्रचारक अजीजा शेख एक बार फिर चर्चा में हैं। वायरल हो रहे वीडियो में उन्हें बाइक से स्टंट करते हुए देखा जा रहा है, जिसे लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि इस तरह के स्टंट न केवल सड़क सुरक्षा के लिए खतरा हैं, बल्कि युवाओं को भी गलत संदेश देते हैं।
जानकारी के अनुसार, अजीजा शेख के इंस्टाग्राम पर करीब 41 हजार फॉलोवर हैं, जिसके कारण उनके वीडियो तेजी से वायरल हो जाते हैं। बताया जा रहा है कि वह अक्सर बाइक से रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करती हैं, जिससे उनकी लोकप्रियता बढ़ी है, लेकिन अब यही गतिविधियां विवाद का कारण बन रही हैं।
महराजगंज जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र की निवासी अजीजा शेख के इस वीडियो को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह के स्टंट से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
वर्दी को लेकर भी उठे सवाल
वायरल वीडियो में अजीजा शेख को कथित रूप से दरोगा की वर्दी में भी देखा जा रहा है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। इस पर लोगों ने सवाल उठाए हैं कि आखिर उन्हें यह वर्दी कहां से प्राप्त हुई और इसका उपयोग किस आधार पर किया गया।
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। जांच में यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, इस पूरे मामले पर प्रशासन की नजर बनी हुई है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर तय की जाएगी।

