एसएसबी व ठूठीबारी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
ठूठीबारी/महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ठूठीबारी पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए प्रतिबंधित नशीली दवाओं की खेप के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बड़ी संख्या में नशीले इंजेक्शन, कैप्सूल, एक मोबाइल फोन और एक मोपेड बरामद हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी निचलौल रविन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 30 जुलाई की रात ठूठीबारी पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने ठूठीबारी-नौतनवा मार्ग पर घेराबंदी कर ग्राम रमगढ़वा टोला नौडीहवा निवासी गोलू चौहान (24) को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 52 बुप्रेनोर्फिन इंजेक्शन, 51 प्रोमेथाजीन हाइड्रोक्लोराइड इंजेक्शन, 49 डाइजेपाम इंजेक्शन तथा एसपीएम-पीआरएक्स प्लस वॉकहार्ट कैप्सूल (कुल वजन 257 ग्राम) बरामद किए गए। इसके अलावा एक मोबाइल फोन और एक हीरो पुक मोपेड भी पुलिस ने कब्जे में ले ली।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वर्ष 2023 में उसके विरुद्ध निचलौल थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हो चुका है। अब पुलिस उसके तस्करी नेटवर्क और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस और एसएसबी का संयुक्त अभियान लगातार जारी है। अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

