हर्षोदय टाइम्स / अर्जुन चौधरी
सिसवा बाजार/महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के सबया ढाला के पास ट्रेन से गिरने के कारण एक अज्ञात बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला के सिर में गंभीर चोट आई है और वह अपनी पहचान बताने की स्थिति में नहीं है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार (31 जुलाई) शाम करीब 7:30 बजे यह हादसा हुआ। रात करीब 10 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिसवा से पुलिस को घटना की सूचना मिली। घायल महिला की उम्र लगभग 60 से 65 वर्ष बताई जा रही है।
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया। पुलिस महिला की पहचान कराने और उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाने का प्रयास कर रही है।
कोठीभार थाना पुलिस ने बताया कि घटना स्थल पर शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है तथा मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

