सोनौली पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, रिपोर्ट के बाद होगा मौत की वजह का खुलासा
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
सोनौली, महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा से जुड़े सोनौली कस्बे में शनिवार सुबह एक बंद पड़े अस्पताल के बाहर नेपाली युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक के सिर और चेहरे पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुट गई है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत सोनौली में निरंजना होटल के सामने स्थित एक बंद अस्पताल के बाहर राहगीरों ने करीब 45 वर्षीय युवक का शव पड़ा देखा। सूचना पर पहुंची सोनौली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में ले लिया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की।
प्रारंभिक जांच में मृतक नेपाली नागरिक प्रतीत हो रहा है। पुलिस के अनुसार वह मानसिक रूप से अर्धविक्षिप्त था और पिछले कई दिनों से भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में घूमता देखा जाता था। शव के सिर और मुंह पर चोट के निशान मिलने से मौत की परिस्थितियां संदिग्ध मानी जा रही हैं।
थानाध्यक्ष महेंद्र मिश्रा ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस दुर्घटना, आपसी विवाद अथवा अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है।

