करदह गांव में युवक का शव फंदे से लटका मिला, जांच में जुटी पुलिस

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


हर्षोदय टाइम्स / अर्जुन चौधरी

गड़ौरा/महराजगंज। ठूठीबारी थाना क्षेत्र के करदह गांव में शुक्रवार को 26 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई, जबकि देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।


मृतक की पहचान अजय विश्वकर्मा (26) पुत्र रामानंद विश्वकर्मा निवासी करदह के रूप में हुई है। घटना की सूचना पर ठूठीबारी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ की तथा आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार अजय विश्वकर्मा शांत और मिलनसार स्वभाव के युवक थे। उनकी अचानक हुई मौत से क्षेत्र के लोग स्तब्ध हैं और बड़ी संख्या में ग्रामीण शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।


पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *