हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
भिटौली/महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के हरपुर महंथ गांव के एक युवक की गोंडा रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। युवक रोजी-रोटी की तलाश में कुछ दिन पहले ही चेन्नई गया था, लेकिन तबीयत बिगड़ने के बाद घर लौटते समय यह दर्दनाक हादसा हो गया।
जानकारी के अनुसार हरपुर महंथ निवासी 18 वर्षीय मेराज अली करीब 15 दिन पहले रोजगार के लिए चेन्नई गया था। वहां उसने लगभग 10 दिन ही काम किया था कि अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद वह बुधवार की शाम करीब पांच बजे गांव के ही एक युवक के साथ ट्रेन से घर लौटने के लिए रवाना हुआ।
बताया गया कि शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे ट्रेन गोंडा पहुंची। यात्रा के दौरान गर्मी लगने पर मेराज ट्रेन के दरवाजे के पास बैठकर हवा खाने लगा। इसी बीच गोंडा देहात थाना क्षेत्र के भूलभुलिया के पास ट्रेन में अचानक तेज झटका लगा, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह चलती ट्रेन से नीचे गिर पड़ा। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर गोंडा रेलवे स्टेशन से पुलिस को जानकारी दी गई। सूचना पर गोंडा देहात थाना प्रभारी शमशेर बहादुर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि स्टेशन मास्टर की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी, जहां युवक मृत अवस्था में मिला। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजनों की तहरीर के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
मेराज की असमय मौत से हरपुर महंथ गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

