मिश्रौलिया गांव में मचा हड़कंप, शरीर पर मिले गहरे दांतों के निशान; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारण का खुलासा
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग की निचलौल रेंज अंतर्गत ग्राम मिश्रौलिया में शनिवार सुबह एक वर्षीय नर तेंदुए का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। गन्ने के खेत के समीप चकरोड पर पड़े तेंदुए को देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार सुबह गांव की महिलाएं खेतों की ओर जा रही थीं। इसी दौरान राजवंशी के गन्ने के खेत के पास चकरोड पर उन्हें तेंदुआ मृत अवस्था में पड़ा मिला। महिलाओं के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि शुक्रवार रात इलाके में तेंदुओं की तेज दहाड़ें सुनाई दे रही थीं। इससे कयास लगाए जा रहे हैं कि क्षेत्र में दो तेंदुओं के बीच संघर्ष हुआ होगा, जिसमें कम उम्र के तेंदुए की जान चली गई।
सूचना पर पहुंचे क्षेत्रीय वनाधिकारी सुनील कुमार राव ने टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। वहीं, प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) निरंजन सुर्वे ने बताया कि मृत तेंदुए की उम्र लगभग एक वर्ष आंकी गई है। उसके शरीर पर ऊपर और नीचे दांतों के गहरे निशान मिले हैं। घटनास्थल के आसपास एक बड़े नर तेंदुए के पैरों के निशान भी मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया बड़े तेंदुए के हमले में उसकी मौत होने की संभावना प्रतीत होती है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही हो सकेगी।
निचलौल रेंज में पिछले कुछ समय से तेंदुओं की मौत के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इससे वन विभाग की चिंता बढ़ गई है। विभाग ने क्षेत्र में गश्त और निगरानी बढ़ाने का निर्णय लिया है, ताकि वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

