हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
पनियरा (महराजगंज)। राम कुमार इंटर कॉलेज, पनियरा में शुक्रवार को पुस्तक मेले का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा ने फीता काटकर किया। उन्होंने विद्यार्थियों को पुस्तकें वितरित करने के साथ विद्यालय में पौधारोपण और डिजिटल क्लास का भी शुभारंभ किया।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने कहा कि पुस्तक मेले का उद्देश्य विद्यार्थियों को सस्ती दर पर गुणवत्तापूर्ण सरकारी पुस्तकें उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सरकारी प्रकाशनों की पुस्तकें निजी प्रकाशनों की तुलना में अधिक उपयोगी और किफायती होती हैं, जिससे अभिभावकों पर आर्थिक बोझ कम पड़ता है। उन्होंने छात्रों से सरकारी पुस्तकों को प्राथमिकता देने तथा पुरानी पुस्तकों को फेंकने के बजाय जरूरतमंद विद्यार्थियों को दान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुस्तकों के निर्माण में प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग होता है, इसलिए उनका सदुपयोग और संरक्षण जरूरी है।
राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य राकेश कुमार मेघानी ने कहा कि सरकारी पुस्तकें कम लागत में विद्यार्थियों के लिए उपयोगी सामग्री उपलब्ध कराती हैं। वहीं राम कुमार इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य विकेंद्र सिंह ने विद्यालय में अध्ययनरत आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राओं को निःशुल्क पुस्तकें उपलब्ध कराने की घोषणा की।
कार्यक्रम में रामचंद्र यादव, हौसला शर्मा, नवीन कुमार पांडेय, मनोज चौरसिया, हृदयालाल यादव, ओपी सिंह, आद्या गुप्ता, केदारनाथ, अविनाश सिंह, राहुल सिंह, रविंद्र यादव, आलोक सिंह, शैलेश सिंह समेत शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

