बागापार की तीन जर्जर नहर पुलियों के दिन फिरने वाले, पुनर्निर्माण की कवायद शुरू

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



सिंचाई विभाग की टीम ने किया स्थलीय निरीक्षण, वर्षों पुरानी समस्या के समाधान की जगी उम्मीद


महराजगंज। बागापार क्षेत्र के लोगों को जल्द ही आवागमन की बड़ी राहत मिल सकती है। लंबे समय से जर्जर हालत में पड़ी तीन नहर पुलियों के चौड़ीकरण एवं पुनर्निर्माण की दिशा में सिंचाई विभाग ने पहल तेज कर दी है। विभागीय अधिकारियों की टीम ने संबंधित स्थलों का निरीक्षण कर पुलियों की तकनीकी स्थिति का आकलन किया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने का भरोसा दिया।


जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत बागापार में स्टेट तिराहे से शंकरपुर मार्ग पर स्थित नहर पुलिया, बागापार चौराहे पर जनता जूनियर हाईस्कूल के समीप बनी पुलिया तथा बरईठवा गांव में सुदामा यादव के आवास के पास स्थित क्षतिग्रस्त पुलिया लंबे समय से बदहाल अवस्था में हैं। संकरी और जर्जर पुलियों के कारण ग्रामीणों, किसानों, स्कूली बच्चों और राहगीरों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। बरसात के मौसम में यह समस्या और भी गंभीर हो जाती है।
क्षेत्र के समाजसेवी उमेश चन्द्र मिश्र तथा ग्रामीणों ने लंबे समय से इन पुलियों के पुनर्निर्माण की मांग उठाई थी। इसी क्रम में सिंचाई विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर तीनों स्थलों का निरीक्षण किया और आवश्यक तकनीकी परीक्षण किया।


ग्रामीणों का मानना है कि पुलियों का चौड़ीकरण और पुनर्निर्माण होने से बागापार, शंकरपुर, बरईठवा सहित आसपास के कई गांवों का संपर्क अधिक सुगम होगा। कृषि कार्यों से जुड़े वाहनों की आवाजाही आसान होगी और आम लोगों को भी सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।
क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासनिक औपचारिकताएं जल्द पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा, जिससे वर्षों से चली आ रही इस समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *