हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी
निचलौल/महराजगंज। इटहिया भोलेनाथ के दर्शन के लिए बाइक से आ रहे देवर-भाभी सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा निचलौल क्षेत्र के बैठवलिया के पास हुआ, जहां दो बाइकों की आपस में टक्कर हो गई।
जानकारी के मुताबिक, कुशीनगर जिले के खड्डा थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव निवासी राकेश (35), पुत्र बाबूलाल, अपनी भाभी गीता देवी पत्नी सुरेंद्र गौड़ को बाइक पर बैठाकर इटहिया भोलेनाथ के दर्शन के लिए आ रहे थे। जैसे ही दोनों बैठवलिया के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई।
हादसे में राकेश और गीता देवी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों की मदद से दोनों को आनन-फानन में निचलौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
हादसे के बाद मौके पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


