सतभरिया में घर के कमरे में फंदे से लटका मिला 75 वर्षीय बुजुर्ग का शव

Blog

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र के सतभरिया गांव में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब 75 वर्षीय बुजुर्ग बिहारी यादव का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।


परिजनों के मुताबिक, घटना के समय परिवार के कुछ सदस्य खेत की ओर गए थे। घर लौटने पर कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला। इस पर मृतक की बेटी पूजा यादव ने दीवार में बने झरोखे से अंदर देखा तो पिता को फंदे से लटका पाया। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।


सूचना पर हल्का दरोगा घनश्याम चौधरी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। कुछ देर बाद कोतवाली प्रभारी श्याम निवास राय पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने बंद कमरे का दरवाजा खुलवाकर मौके की जांच की। साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी सूचना दी गई है।


बताया गया कि बिहारी यादव की पहली पत्नी का निधन हो चुका था। इसके बाद उन्होंने श्रावस्ती निवासी महिला से दूसरी शादी की थी। दूसरी पत्नी से उनकी दो बेटियां पूजा और चंदनी हैं। फिलहाल पुलिस शव को कब्जे में लेकर घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *