रोज गुजरते हैं सैकड़ों राहगीर, गिट्टियों और गड्ढों के बीच जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर लोग
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
सिसवा मुंशी/ महाराजगंज । सिसवा मुंशी चौराहे की जर्जर सड़क स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रही है। सड़क जगह-जगह से उखड़ चुकी है, गिट्टियां बिखरी पड़ी हैं और बड़े-बड़े गड्ढों ने इस व्यस्त मार्ग को हादसों का अड्डा बना दिया है। इसके बावजूद अब तक मरम्मत की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
यह चौराहा क्षेत्र के प्रमुख संपर्क मार्गों में शामिल है, जहां से प्रतिदिन सैकड़ों वाहन और राहगीर गुजरते हैं। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बाइक सवार असंतुलित होकर गिर चुके हैं और मामूली से लेकर गंभीर चोटें भी आई हैं। लोगों का मानना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
चौराहे के आसपास व्यापार करने वाले दुकानदार बताते हैं कि टूटी सड़क और उड़ती धूल के कारण ग्राहक आने से कतराने लगे हैं, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है। वहीं स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं रोजाना इसी खस्ताहाल सड़क से होकर गुजरने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की खराब स्थिति की जानकारी कई बार संबंधित विभाग को दी जा चुकी है, लेकिन शिकायतें केवल कागजों तक सीमित रह गईं। विभागीय उदासीनता के चलते लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि आवागमन सुरक्षित हो सके और किसी बड़े हादसे से पहले समस्या का स्थायी समाधान निकल सके।

