गौ सम्मान अभियान ने महराजगंज में पकड़ी रफ्तार, संत स्नेहा ने जुटाया सामाजिक संगठनों का समर्थन

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


गौ संरक्षण, प्राकृतिक खेती और जनजागरण को लेकर विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों से किया संवाद


महराजगंज। गौ माता के संरक्षण एवं सम्मान को लेकर देशव्यापी स्तर पर संचालित ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के दूसरे चरण के तहत रविवार को महराजगंज में जनसंपर्क अभियान चलाया गया। वृंदावन से पहुंचीं संत स्नेहा ने अभियान के जिला प्रभारी योगेश जायसवाल के साथ जिले के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और आध्यात्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी तथा अधिकाधिक लोगों को इससे जोड़ने की अपील की।


बैठक के दौरान संत स्नेहा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता का स्थान केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि वह कृषि, पर्यावरण, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और सामाजिक जीवन का महत्वपूर्ण आधार भी हैं। उन्होंने गौ संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने पर बल देते हुए कहा कि समाज के सहयोग से ही इस दिशा में सार्थक परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।


अभियान के क्रम में गायत्री परिवार के वरिष्ठ सदस्यों एवं जय गुरुदेव परिवार के जिलाध्यक्ष सहित अनेक गौभक्तों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से संवाद किया गया। इस दौरान अभियान की आगामी रूपरेखा, जनजागरण कार्यक्रमों और व्यापक जनसहभागिता पर विस्तार से चर्चा हुई।


जिला प्रभारी योगेश जायसवाल ने बताया कि महराजगंज में अभियान को लगातार सकारात्मक जनसमर्थन मिल रहा है। विभिन्न सामाजिक और स्वयंसेवी संस्थाएं इससे जुड़ रही हैं। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में गांव-गांव जनसंपर्क, बैठकें, संगोष्ठियां और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को गौ सेवा, संरक्षण और सम्मान के प्रति प्रेरित किया जाएगा।


बैठक में उपस्थित सभी प्रतिनिधियों ने अभियान को अपना समर्थन देते हुए इसे जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। साथ ही अपने-अपने संगठनों के माध्यम से गौ संरक्षण के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को इस मुहिम से जोड़ने का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *