महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना पुलिस ने युवती को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले का सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने युवती को भी सकुशल बरामद कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष श्यामदेउरवा के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए धर्मेन्द्र उर्फ गुरदीप गुप्ता निवासी लक्ष्मीपुर टोला अमहवा थाना पनियरा (हाल पता ग्राम मोहना, थाना कैम्पियरगंज, जनपद गोरखपुर) को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 16 मई 2026 को आरोपी वादी की पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। पीड़िता के पिता की तहरीर पर 18 मई 2026 को थाना श्यामदेउरवा में मुकदमा संख्या 142/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान पुलिस ने 7 जुलाई 2026 को युवती को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जांच में आरोपी द्वारा युवती से शादी करने के साक्ष्य मिलने पर मुकदमे में धारा 87 बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक राजेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक मंगला प्रसाद, हेड कांस्टेबल संजय सिंह, हेड कांस्टेबल शम्भू यादव तथा महिला कांस्टेबल प्रतिमा सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

