वाहन खड़ा करने को लेकर भिड़े पड़ोसी, घर में घुसकर मारपीट का आरोप

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



भिटौली, महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा बलुआ में वाहन खड़ा करने को लेकर शुरू हुआ विवाद बढ़ने पर घर में घुसकर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। बलुआ गांव निवासी पुष्पा यादव ने भिटौली थाने में प्रार्थना पत्र देकर पड़ोसी पक्ष के लोगों पर मारपीट और कार में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया है।


पुष्पा यादव के अनुसार, वाहन खड़ा करने को लेकर पड़ोसियों से विवाद हुआ था। आरोप है कि इसके बाद पड़ोसी पक्ष के लोग लाठी-डंडे लेकर उनके घर में घुस आए और उनके ससुर जय श्री यादव के साथ मारपीट करने लगे। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचीं पुष्पा यादव के साथ भी मारपीट की गई।


पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान उनकी मारुति कार की हेडलाइट भी क्षतिग्रस्त कर दी गई। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


थाना प्रभारी सतेन्द्र कुमार राय ने प्रार्थना पत्र मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *