स्कूल खुले हुए हो गए आठ दिन लेकिन परिसर में अब भी झाड़ियां ,बच्चों की सुरक्षा पर उठे सवाल

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


सिसवा मुंशी के सरकारी विद्यालय में गंदगी और जलभराव से अभिभावकों में नाराजगी, बीईओ ने 24 घंटे में सफाई के दिए निर्देश


सिसवा मुंशी / महराजगंज। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत हुए आठ दिन बीत चुके हैं, लेकिन परतावल विकासखंड के सिसवा मुंशी स्थित प्राथमिक/उच्च प्राथमिक विद्यालय का परिसर अब भी झाड़ियों और गंदगी से अटा पड़ा है। विद्यालय परिसर में तीन से चार फीट ऊंची घास उग आने और जगह-जगह जलभराव होने से छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है।


ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय भवन के चारों ओर घनी झाड़ियां फैली हुई हैं। मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर कक्षाओं तक पहुंचने में बच्चों और शिक्षकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में झाड़ियों के बीच सांप, बिच्छू और अन्य जहरीले जीव-जंतुओं के निकलने की आशंका बनी हुई है, जिससे कभी भी कोई अप्रिय घटना हो सकती है।


अभिभावकों का कहना है कि विद्यालय खुलने से पहले भी परिसर की सफाई नहीं कराई गई और स्कूल शुरू होने के आठ दिन बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। उनका आरोप है कि बच्चों को रोजाना गंदगी और झाड़ियों के बीच होकर विद्यालय जाना पड़ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि किसी बच्चे के साथ कोई हादसा हो जाता है तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा।


विद्यालय परिसर में जलभराव और गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। हैंडपंप के आसपास भी गंदगी जमा होने से डेंगू, मलेरिया सहित अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ने लगा है। ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग और ग्राम पंचायत से तत्काल सफाई अभियान चलाने तथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) परतावल ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। प्रधानाध्यापक को दोबारा नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर विद्यालय परिसर की सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कायाकल्प योजना के तहत यदि लापरवाही पाई गई तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *