हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
पनियरा, महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र के रामपुर ग्राम पंचायत के बनिया टोला पट्टे चौराहे के पास कच्ची सड़क के किनारे खेत में रविवार सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान गोरखपुर के पीपीगंज थाना क्षेत्र के बुद्ध नगर वार्ड-18 निवासी अजय कुमार पुत्र कैलाश प्रजापति के रूप में हुई है। शव से कुछ दूरी पर उसकी बाइक खड़ी मिली, जबकि दोनों पैर के जूते चकरोड पर पड़े थे। जेब से 6090 रुपये, आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद हुआ है।

सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच शुरू की। मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
मृतक की मां जयंती देवी ने बताया कि अजय की शादी पांच साल पहले महराजगंज कोतवाली के रसूलपुर गांव में हुई थी, उसकी तीन साल की बेटी लाडो है। शादी के तीन माह बाद से पत्नी मायके में रह रही है और दहेज उत्पीड़न का मुकदमा कर रखा है, जिसकी तारीख बीते शुक्रवार को थी। अजय गोरखपुर में चालक का काम करता था। वह पनियरा कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी परिजनों को नहीं है।
थानाध्यक्ष पनियरा संजय कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

