महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में ठूठीबारी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान एक पिकअप वाहन से करीब 2.91 लाख रुपये कीमत के बिस्कुट बरामद किए। मौके से एक युवक को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त पिकअप को भी कब्जे में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में ठूठीबारी पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान रविवार सुबह करीब 8:30 बजे एसएसबी रोड स्थित भरवलिया बंधे के पास संदिग्ध पिकअप UP56T4359 को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी में वाहन के अंदर MALKIST ब्रांड के बिस्कुट के 108 गत्ते मिले। प्रत्येक गत्ते में 60 पीस बिस्कुट बताए गए हैं। पुलिस ने बरामद माल की कीमत 2,91,600 रुपये आंकी है।
मौके से पकड़े गए युवक की पहचान अखिलेश जायसवाल उर्फ स्नेही (26) पुत्र उमेश जायसवाल, निवासी लक्ष्मीपुर खुर्द, थाना ठूठीबारी के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 113 कस्टम अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार्रवाई करने वाली टीम में लक्ष्मीपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मनीष कुमार तिवारी, हेड कांस्टेबल धर्मेन्द्र कुमार सिंह और कांस्टेबल गौरव पासवान शामिल रहे। पुलिस की कार्रवाई के बाद सीमा क्षेत्र में अवैध तस्करी से जुड़े लोगों में खलबली मची है।

