परतावल /महराजगंज)। पारिवारिक संपत्ति और कंपनी की पूंजी हड़पने के आरोप में श्यामदेउरवा थाना पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर तीन सगे भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला कथित फर्जी बैनामा, कूटरचित दस्तावेजों और हिस्सेदारी को लेकर उत्पन्न विवाद से जुड़ा है।
पुलिस के अनुसार, लक्ष्मीपुर क्षेत्र के जरलहिया टोला कंचनपुर निवासी दयाशंकर यादव ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि उनके पिता जगूरूप यादव के छह पुत्र थे और परिवार की संयुक्त आय से हरपुर तिवारी चौराहे पर जमीन खरीदी गई थी। इसी भूमि पर दो मंजिला भवन का निर्माण कर कंपनी संचालित की जाती थी।
शिकायत में कहा गया है कि वर्ष 2018 में कंपनी के हिसाब-किताब में अनियमितता सामने आने के बाद अशोक यादव को कंपनी का प्रोपराइटर बनाया गया। आरोप है कि इसके बाद मधुबन यादव, हरिशंकर यादव और अशोक यादव ने मिलकर कंपनी की लगभग 30 लाख रुपये की पूंजी पर कब्जा कर लिया।
दयाशंकर यादव का यह भी आरोप है कि तीनों भाइयों ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर 21 अगस्त 2021 को कंपनी के भवन का फर्जी बैनामा अपने नाम करा लिया। जब उन्होंने अपने हिस्से की मांग की तो उनके साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
कोर्ट के निर्देश पर श्यामदेउरवा थाना पुलिस ने मधुबन यादव, हरिशंकर यादव और अशोक यादव के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष के अनुसार न्यायालय के आदेश के अनुपालन में मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच के दौरान जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

