डॉक्टर बनने की चाह अधूरी रह गई, छात्रा ने फांसी लगाकर दी जान

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


NEET की उत्तर कुंजी के बाद बढ़ी चिंता, छात्रा ने उठाया आत्मघाती कदम


महराजगंज। मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET-UG 2026) की तैयारी कर रही एक 18 वर्षीय छात्रा ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने मौके से मिले एक पत्र को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार छात्रा पिछले दो वर्षों से राजस्थान के कोटा शहर में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थी। हाल ही में जारी हुई परीक्षा की उत्तर कुंजी (आंसर की) देखने के बाद वह काफी चिंतित और तनावग्रस्त बताई जा रही थी। परिजनों का कहना है कि उसे आशंका थी कि अपेक्षित अंक नहीं मिल पाएंगे और उसका चयन प्रभावित हो सकता है।


बताया जाता है कि छात्रा का बड़ा भाई मेडिकल की पढ़ाई कर रहा है और वह भी डॉक्टर बनकर परिवार का सपना पूरा करना चाहती थी। इसी बीच शुक्रवार शाम वह अपने कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकी मिली। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


पुलिस के अनुसार कमरे से एक हस्तलिखित पत्र बरामद हुआ है, जिसमें छात्रा ने अपने माता-पिता और भाई से क्षमा मांगते हुए परीक्षा और भविष्य को लेकर निराशा व्यक्त की है। पत्र की सत्यता की जांच की जा रही है।


कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।


विशेषज्ञों का मानना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं के परिणाम और चयन को लेकर छात्रों में मानसिक दबाव बढ़ना एक गंभीर सामाजिक चुनौती है। ऐसे समय में अभिभावकों और शिक्षकों को बच्चों की भावनात्मक स्थिति पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *