खाना खाने के बाद एक ही परिवार के तीन लोगों की तबीयत बिगड़ी, गोरखपुर रेफर

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज। सिंदुरिया क्षेत्र में शुक्रवार रात भोजन करने के बाद एक ही परिवार के तीन सदस्यों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर ग्रामीणों की मदद से तीनों को मिठौरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। शनिवार सुबह हालत में सुधार नहीं होने पर तीनों को गोरखपुर रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।


सिंदुरिया निवासी किसान विनोद, उनकी पत्नी हीरमती और बेटे रंजीत ने शुक्रवार शाम घर में बनी रोटी और चटनी खाई थी। परिजनों के अनुसार, गांव का ही एक व्यक्ति शाम को उनके घर आटा देकर गया था। इसी आटे से रात में रोटियां बनाई गई थीं। भोजन करने के कुछ देर बाद तीनों सो गए। रात करीब 12 बजे अचानक बेचैनी और उलझन की स्थिति में उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। शोर सुनकर घर में मौजूद बेटियां और पड़ोसी मौके पर पहुंचे। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से तीनों को मिठौरा सीएचसी पहुंचाया गया।


परिजनों के मुताबिक परिवार की अन्य बेटियों ने मोटी रोटी पसंद नहीं होने के कारण भोजन नहीं किया था, इसलिए उनकी तबीयत सामान्य रही। घटना के बाद घर में बचा आटा सुरक्षित रख लिया गया है। परिजनों ने आटे की जांच कराकर बीमारी के कारण का पता लगाने की मांग की है। मिठौरा सीएचसी अधीक्षक डॉ. डीएन सिंह ने बताया कि तीनों में फूड प्वाइजनिंग के लक्षण मिले हैं। हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया था। बीमारी का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *