भिटौली पुलिस को तहरीर देकर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
भिटौली, महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के दरौली गांव में 16 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर नया मोड़ आ गया है। परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है और पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
दरौली निवासी नाथू गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका 16 वर्षीय नाती अशोक गुप्ता शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे गांव के ही दो युवकों के साथ घर से निकला था। देर शाम करीब 4:30 बजे गांव के दो अन्य युवक उसे गंभीर अवस्था में एक मेडिकल स्टोर पर लेकर पहुंचे। हालत नाजुक होने पर मेडिकल स्टोर संचालक ने तत्काल जिला अस्पताल रेफर कर दिया। एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने अशोक को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार, घटना के बारे में पूछताछ करने पर बताया गया कि अशोक पेंटिंग का कार्य कर रहा था और इसी दौरान उसे करंट लग गया। हालांकि, परिजन इस जानकारी से संतुष्ट नहीं हैं। उनका कहना है कि घटना की परिस्थितियां कई सवाल खड़े करती हैं और उन्हें आशंका है कि किशोर की हत्या की गई है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस से मामले की गहराई से जांच कर सच्चाई सामने लाने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

