लेदी के पास जंगल से निकलकर किया हमला, सीएचसी निचलौल में उपचार; एक सप्ताह में तीसरी घटना से दहशत
निचलौल। सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के निचलौल रेंज क्षेत्र में तेंदुए का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार रात बहुआर मार्ग स्थित लेदी के पास जंगल से निकले तेंदुए ने बाइक पर बैठे एक किशोर पर अचानक हमला कर दिया। तेंदुए के पंजों के वार से किशोर घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सतर्कता से उसकी जान बच गई। घायल का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल में उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, निचलौल रेंज के शितलापुर निवासी हिरदेश राजभर अपने पिता मुनिरका की चाय की दुकान के पास खड़ी बाइक पर रविवार रात करीब आठ बजे बैठे थे। इसी दौरान जंगल से निकले तेंदुए ने पीछे से हमला बोल दिया। तेंदुए ने अपने पंजों से किशोर की पीठ और हाथ पर कई वार किए, जिससे वह घायल हो गया।
हमले के बाद आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और तेंदुए को भगाने का प्रयास किया। लोगों की आवाज सुनकर तेंदुआ वापस जंगल की ओर भाग गया। इसके बाद ग्रामीणों ने घायल किशोर को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। निचलौल रेंज के रेंजर सुनील राव ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। साथ ही क्षेत्र में वनकर्मियों की निगरानी बढ़ा दी गई है और तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
लगातार हमलों से ग्रामीणों में भय
निचलौल क्षेत्र में बीते एक सप्ताह के भीतर तेंदुए के हमले की यह तीसरी घटना है। इससे पहले 25 जून को चरभरिया निवासी सुरेश और 1 जुलाई को ढेसो पुल के पास रामप्रीत यादव तेंदुए के हमले में घायल हो चुके हैं। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों ने वन विभाग से प्रभावित क्षेत्र में गश्त तेज करने और तेंदुए को शीघ्र पकड़ने की मांग की है।

