हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। जनपद महराजगंज में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को थाना परसामलिक पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 100 आबकारी मुकदमों से संबंधित 929 लीटर अवैध शराब का नियमानुसार विनष्टीकरण कराया। न्यायालय के आदेश पर हुई इस कार्रवाई को अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया गया।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नौतनवा के नेतृत्व में थाना परसामलिक परिसर में यह कार्रवाई की गई। माननीय सिविल जज (प्रवर खंड) त्वरित न्यायालय/अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, महराजगंज के आदेश के अनुपालन में विभिन्न आबकारी मामलों में जब्त अवैध शराब को नष्ट किया गया।
विनष्टीकरण के दौरान राजस्व एवं आबकारी विभाग के अधिकारियों के साथ पुलिस विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। पूरी प्रक्रिया का विधिवत पंचनामा तैयार किया गया तथा पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, तस्करी, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह प्रभावी और कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई को अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


