हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
परतावल/महराजगंज। जनपद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल में मंगलवार को नवागत मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेन्द्र चौधरी ने औचक निरीक्षण कर अस्पताल की व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं, दवा वितरण व्यवस्था और अस्पताल की कार्यप्रणाली का गहन परीक्षण किया।
निरीक्षण के क्रम में सीएमओ ने ओपीडी, इमरजेंसी, महिला वार्ड तथा दवा वितरण कक्ष का अवलोकन किया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध दवाओं की स्थिति की जानकारी लेते हुए यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि मरीजों को आवश्यक दवाएं समय पर उपलब्ध हों। अस्पताल परिसर और वार्डों में साफ-सफाई की व्यवस्था अपेक्षित स्तर पर न मिलने पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए।
डॉ. चौधरी ने वार्ड बॉय एवं सफाई कर्मचारियों को बुलाकर उनके दायित्वों की समीक्षा की और कहा कि अस्पताल की स्वच्छता व अनुशासन से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी कर्मचारियों को अपने कार्यों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ करने की नसीहत दी।
इसके बाद उन्होंने अभिलेखों और विभिन्न रजिस्टरों का निरीक्षण कर रिकॉर्ड संधारण की स्थिति देखी। चिकित्सकों और कर्मचारियों को समय से ड्यूटी पर उपस्थित रहकर मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि कार्य में लापरवाही या समयपालन में शिथिलता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल अधीक्षक डॉ. अमित कुमार, लैब टेक्नीशियन किशोर प्रसाद, एक्स-रे टेक्नीशियन हृदेश पटेल, स्टाफ नर्स प्रभुनाथ सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

