जिलाधिकारी ने दिए रोजगार अवसर बढ़ाने के निर्देश, अनुपस्थित रहने पर ITI प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज

महराजगंज, 08 सितम्बर। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सेवायोजन विभाग की जिला कार्यकारी समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में युवाओं को बेहतर रोजगार उपलब्ध कराने के लिए चल रही गतिविधियों की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने Rojgaarsangam.up.gov.in पोर्टल के व्यापक प्रचार-प्रसार का निर्देश देते हुए कहा कि जिले के सभी व्यावसायिक, उच्च, चिकित्सा एवं प्राविधिक शिक्षा संस्थान, निजी कंपनियां तथा प्लेसमेंट एजेंसियां अनिवार्य रूप से पोर्टल पर पंजीकरण कराएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निजी उद्यमियों और सभी नियोक्ताओं का पंजीकरण सुनिश्चित कराया जाए, ताकि जनपद के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ा जा सके।

बैठक में जानकारी दी गई कि 39 रोजगार मेलों के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 13 मेले आयोजित किए जा चुके हैं। इन मेलों में विभिन्न कंपनियों ने प्रतिभाग करते हुए युवाओं का चयन किया है। जिलाधिकारी ने रोजगार मेलों की संख्या में और वृद्धि करने तथा आगामी महराजगंज महोत्सव में भी रोजगार मेला आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत चल रही गतिविधियों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया।

उन्होंने विभागों और चयनित अभ्यर्थियों का विवरण गूगल शीट पर दर्ज करने के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न विभागों और प्रतिष्ठानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर रोजगार का अनुकूल वातावरण तैयार करने पर बल दिया।

बैठक के दौरान बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर ITI प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

इस अवसर पर परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी, उपायुक्त उद्योग अभिषेक प्रियदर्शी, जिला सेवायोजन अधिकारी ईशान प्रकाश सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *