सिसवा में प्रशासन का बड़ा एक्शन: गौशाला की जमीन से अतिक्रमण हटाया, जेसीबी चलाकर कराया सीमांकन

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



हर्षोदय टाइम्स | अर्जुन चौधरी

सिसवा बाजार/महराजगंज। जनपद के नगर पालिका सिसवा के गांधी नगर वार्ड में मंगलवार को वर्षों पुराने भूमि विवाद पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए श्रीकृष्ण गौशाला की राजस्व अभिलेखों में दर्ज भूमि से अतिक्रमण हटवा दिया। भारी पुलिस बल और पीएसी की मौजूदगी में जेसीबी से विवादित हिस्से में बनी बाउंड्रीवाल हटाई गई तथा सीमांकन कर पिलर गाड़ दिए गए। पूरे अभियान के दौरान क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील रहा।

जानकारी के अनुसार, गौशाला और कब्रिस्तान की भूमि को लेकर कई वर्षों से विवाद चल रहा था। श्रीकृष्ण गौशाला समिति ने धारा-24 के तहत एसडीएम न्यायालय में आवेदन देकर राजस्व अभिलेखों के अनुरूप भूमि का सीमांकन और कब्जा मुक्त कराने की मांग की थी। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंगलवार को प्रशासन ने कार्रवाई अमल में लाई।

कार्रवाई के दौरान एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता, तहसीलदार अमित कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी रविंद्र कुमार सिंह मौके पर मौजूद रहे। सबसे पहले राजस्व विभाग की टीम ने लेखपाल और कानूनगो की उपस्थिति में भूमि की पैमाइश कराई। इसके बाद जेसीबी से अतिक्रमण हटाकर गौशाला की भूमि का सीमांकन किया गया और सीमा दर्शाने के लिए पिलर स्थापित किए गए।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। कोठीभार, निचलौल, घुघली सहित करीब आठ थानों की पुलिस, डेढ़ सेक्शन पीएसी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। कार्रवाई स्थल के आसपास आम लोगों की आवाजाही भी नियंत्रित रखी गई, जिससे पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
कार्रवाई के दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग भी मौजूद रहे, लेकिन कहीं से किसी प्रकार के विरोध या अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। कोठीभार थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि अभियान पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सामान्य है।

प्रशासन का कहना है कि पूरी कार्रवाई न्यायालय के आदेश और राजस्व अभिलेखों के आधार पर की गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे के खिलाफ आगे भी कानून के अनुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *