हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। जनपद के सदर तहसील अंतर्गत विशुनपुरा/बभनौली चौराहा स्थित यूपी ग्रामीण बैंक शाखा पर गणतंत्र दिवस के अवसर पर निर्धारित समय तक झंडारोहण न होने से लोगों में नाराजगी देखी गई। 26 जनवरी को सुबह 10:30 बजे तक बैंक परिसर में ध्वजारोहण की कोई व्यवस्था नहीं की गई थी।
इस पर चौराहे के जागरूक नागरिकों ने पहल करते हुए स्वयं झंडारोहण का आयोजन कराया। कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त शिक्षक श्री दयाल त्रिपाठी के कर-कमलों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। ध्वजारोहण के समय उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान गाया और गणतंत्र दिवस को गरिमामय ढंग से मनाया।
स्थानीय लोगों ने बैंक शाखा प्रबंधन की लापरवाही पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि राष्ट्रीय पर्व पर इस तरह की उदासीनता निंदनीय है। लोगों ने शाखा प्रबंधक के रवैये पर रोष व्यक्त करते हुए उच्च अधिकारियों से मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले में शाखा प्रबंधक ने कहा कि हमारी ड्यूटी कहीं और लगा था।


