हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
परतावल / महराजगंज। महराजगंज-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को बसहिया बुजुर्ग के पास ऑटो और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो चालक सहित बाइक सवार घायल हो गए। सूचना मिलते ही श्यामदेउरवा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
जानकारी के अनुसार, भिटौली थाना क्षेत्र के सोहरौना राजा निवासी 35 वर्षीय नाथू चौहान पुत्र रामआसरे चौहान ऑटो लेकर भारत पेट्रोल पंप से सीएनजी भरवाने के बाद श्यामदेउरवा की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान गोरखपुर से महराजगंज की तरफ आ रही बाइक से उनकी ऑटो की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर में नाथू चौहान के हाथ में चोट आई, जबकि बाइक पर सवार दो लोगों में से एक, जिसकी पहचान गोरखपुर निवासी सुनील के रूप में बताई जा रही है, गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना पर उपनिरीक्षक अंजनी कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायल बाइक सवार को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल भेजा गया, जबकि दुर्घटनाग्रस्त ऑटो और बाइक को पुलिस ने कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया।
थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। घायलों का उपचार कराया जा रहा है। मामले में तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

