खेत में खेल रहे मासूम को रोटावेटर ने रौंदा, 8 वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौत

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम दुबौलिया टोला गुलराजपुर में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में 8 वर्षीय मासूम की जान चली गई। खेत के पास खेल रहे बच्चे के अचानक रोटावेटर की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


जानकारी के अनुसार, दुबौलिया टोला गुलराजपुर निवासी किशोर का 8 वर्षीय पुत्र अमन घर के समीप खेत में खेल रहा था। इसी दौरान खेत की जुताई के लिए चल रहे रोटावेटर के पास पहुंच जाने से वह उसकी चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि बच्चे को गंभीर चोटें आईं।


घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और परिजनों ने आनन-फानन में बच्चे को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। मासूम की मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


सूचना मिलने पर बृजमनगंज पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए गांव में पुलिस बल तैनात है तथा शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *