स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सावित्री पब्लिक स्कूल में रंगारंग प्रतियोगिताएं

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



रंगोली, चित्रकला, क्राफ्ट और ध्वज गतिविधियों में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा; देशभक्ति के रंग में रंगा विद्यालय परिसर


परतावल, महराजगंज। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर परतावल स्थित प्रतिष्ठित सीबीएसई विद्यालय सावित्री पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को विभिन्न देशभक्ति प्रतियोगिताओं एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।


आयोजन के दौरान रंगोली, चित्रकला, क्राफ्ट तथा राष्ट्रीय ध्वज से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां कराई गईं। छात्राओं ने देशभक्ति एवं भारतीय संस्कृति की झलक से सजी आकर्षक रंगोलियां बनाईं। वहीं प्राथमिक एवं माध्यमिक वर्ग के विद्यार्थियों ने चित्रकला के माध्यम से तिरंगे, स्वतंत्रता सेनानियों और विकसित भारत की परिकल्पना को कागज पर उकेरा।


क्राफ्ट प्रतियोगिता में बच्चों ने कागज एवं अनुपयोगी सामग्री का रचनात्मक इस्तेमाल करते हुए तिरंगे और देशभक्ति से प्रेरित आकर्षक हस्तशिल्प तैयार किए। छोटे बच्चों ने राष्ट्रीय ध्वज निर्माण, फ्लैग मार्च तथा ध्वज सम्मान से संबंधित गतिविधियों में भी उत्साह के साथ हिस्सा लिया।


इस अवसर पर विद्यालय की सहायक निदेशक जया पांडेय एवं प्रधानाचार्या प्रीति पांडेय ने कहा कि इस तरह की गतिविधियों का उद्देश्य बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को निखारने के साथ ही उनमें राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना विकसित करना है। राष्ट्रीय पर्वों से जुड़ी ऐसी गतिविधियां बच्चों में राष्ट्र के प्रति समर्पण और नागरिक कर्तव्यों की समझ को मजबूत करती हैं।


कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति गीतों और बच्चों के उत्साह से विद्यालय परिसर गूंजता रहा। शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उन्हें स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में पुरस्कृत करने की घोषणा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *