हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। सदर ब्लॉक के ग्राम सभा बभनौली में स्थित इंपीरियल इंटरमीडिएट कॉलेज में शनिवार को 15 अगस्त के अवसर पर स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधक जब्बार खान, रामदास वर्मा एवं सेवानिवृत्त शिक्षक राममूर्ति वर्मा ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर किया।ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ और उपस्थित लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।

इसके बाद विद्यालय परिसर से भव्य प्रभातफेरी निकाली गई। प्रभातफेरी बभनौली चौराहा, पिपरिया होते हुए सोहरौना तिवारी तक पहुंची। इस दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारे लगाए और लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। सोहरौना तिवारी से प्रभातफेरी वापस विद्यालय परिसर में लौट आई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में देशभक्ति का माहौल बना रहा। विद्यार्थियों, शिक्षकों और विद्यालय परिवार ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व को याद करते हुए राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।




