हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर प्रतिबंधित नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ महराजगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। श्यामदेउरवा पुलिस, स्वाट और एसओजी की संयुक्त टीम ने पिपराइच-परतावल मार्ग पर बसहिया मोड़ के पास घेराबंदी कर एक पिकअप से 4,350 प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद किए। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी कब्जे में लिए हैं।
पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि गोरखपुर-पिपराइच के रास्ते एक पिकअप में नशीली दवाओं की बड़ी खेप लाकर परतावल बाजार के रास्ते नेपाल भेजने की तैयारी है। सूचना पर संयुक्त टीम ने श्यामदेउरवा क्षेत्र में बसहिया मोड़ के पास घेराबंदी कर संदिग्ध पिकअप को रोक लिया। वाहन में सवार तीन लोगों को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई तो नीले रंग के प्लास्टिक बोरे में रखे कार्टन से प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद हुए।
बरामदगी में 2,000 एम्पुल CEREJACK DIAZEPAM INJECTION IP तथा 2,350 एम्पुल BUPRENORPHINE INJECTION IP शामिल हैं। प्रत्येक एम्पुल दो एमएल का बताया गया है। पुलिस के मुताबिक दोनों दवाएं चिकित्सकीय उपयोग में आती हैं, लेकिन इनका अवैध रूप से नशे के लिए दुरुपयोग किया जाता है। बरामद मात्रा व्यावसायिक श्रेणी की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जाकिर हुसैन पुत्र किताबुल्लाह निवासी लोहरौली, थाना ठूठीबारी, गोविंद प्रसाद पुत्र भोली प्रसाद निवासी जमुईकला, थाना ठूठीबारी और सचिन पुत्र रमेश निवासी जमुईकला, थाना ठूठीबारी के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपियों की उम्र क्रमश: 45, 55 और 19 वर्ष है।
बिहार से होती थी नशीली दवाओं की सप्लाई
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे संगठित गिरोह के रूप में भारत-नेपाल सीमा पर नशीली दवाओं की तस्करी करते थे। पुलिस के मुताबिक, बिहार का ट्विंकल उर्फ पिंकल नामक व्यक्ति उन्हें दवाओं की आपूर्ति करता था। व्हाट्सऐप कॉल के जरिए ऑर्डर देने और बताए गए बैंक खातों में भुगतान करने की बात भी पूछताछ में सामने आई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।
दो आरोपी पहले से हिस्ट्रीशीटर
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार जाकिर हुसैन ठूठीबारी थाने का हिस्ट्रीशीटर HS No. 9A है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं गोविंद प्रसाद भी ठूठीबारी थाने का हिस्ट्रीशीटर HS No. 12B है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। जाकिर के खिलाफ श्यामदेउरवा थाने में वर्ष 2026 में एनडीपीएस एक्ट का एक मुकदमा भी दर्ज बताया गया है।
पुलिस ने बरामदगी के मामले में थाना श्यामदेउरवा में मु0अ0सं0 230/2026, धारा 8/22(c)/23(c) एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई पुलिस उपमहानिरीक्षक गोरखपुर रेंज एस. चनप्पा के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम के पर्यवेक्षण में की गई। संयुक्त टीम में थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह समेत थाना श्यामदेउरवा, स्वाट और एसओजी के पुलिसकर्मी शामिल रहे।


