थाना समाधान दिवस में पहुंचीं सीओ फरेंदा, राजस्व-पुलिस ने संयुक्त रूप से सुनीं शिकायतें

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


बृजमनगंज (महराजगंज)। आदर्श नगर पंचायत बृजमनगंज स्थित थाना परिसर में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में क्षेत्राधिकारी (सीओ) फरेंदा दीप शिखा वर्मा तथा नायब तहसीलदार सुधांशु कुमार ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से शिकायतों की सुनवाई कर उनके त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए।


समाधान दिवस में जमीन विवाद, रास्ता अवरोध, मारपीट, आपसी विवाद, पैमाइश और अतिक्रमण से संबंधित मामलों की सुनवाई की गई। कई मामलों में मौके पर ही राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई सुनिश्चित कराई गई, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।


सीओ फरेंदा दीप शिखा वर्मा ने कहा कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य राजस्व और पुलिस विभाग से जुड़े विवादों का एक ही मंच पर प्रभावी समाधान करना है। उन्होंने लंबित प्रार्थना पत्रों की समीक्षा करते हुए संबंधित हल्का लेखपाल और बीट पुलिस कर्मियों को संयुक्त रूप से मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।


थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा ने कहा कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जा रहा है। राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम के माध्यम से विवादों का स्थायी और न्यायसंगत समाधान कराने का प्रयास किया जा रहा है।


इस अवसर पर एसआई तारकेश्वर वर्मा, एसआई गजेंद्र सिंह, एसआई आलोक कुमार, एसआई विजेंद्र मिश्रा, हेड कांस्टेबल अरविंद खरवार, कांस्टेबल बृजेश पाल, लेखपाल अम्बरीश कुमार, कानूनगो सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *