201 मीटर लंबे तिरंगे के साथ विद्यार्थियों ने निकाली रैली, नुक्कड़ नाटक के जरिए पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रप्रेम का दिया संदेश
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
परतावल, महराजगंज। विकास खंड परतावल के श्यामदेऊरवा स्थित हैपी पब्लिक इंटर कॉलेज में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह, उमंग और राष्ट्रभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय परिसर में प्रधानाचार्य जय बहादुर सिंह ने ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद शिक्षकों और विद्यार्थियों ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया।


स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने 201 मीटर लंबे तिरंगे के साथ भव्य देशभक्ति रैली निकाली। रैली विद्यालय परिसर से शुरू होकर श्यामदेऊरवा थाने के गेट तक पहुंची और वहां से वापस चौराहे पर आई। इस दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों के माध्यम से लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना का संचार किया। चौराहे पर विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण एवं देशभक्ति विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक किया।
विद्यालय परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंधक रामगोपाल सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, भाषण एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के वीर नायकों को नमन किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य जय बहादुर सिंह ने कहा कि देश की स्वतंत्रता अनगिनत वीरों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। आज की पीढ़ी का दायित्व है कि वह स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को आत्मसात करते हुए देश की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करे। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ जिम्मेदार नागरिक बनने और राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। समारोह के समापन पर विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके साथ ही विद्यार्थियों के बीच मिष्ठान वितरित किया गया। शिक्षकों ने बच्चों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रहित में कार्य करने तथा देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प दिलाया।

