हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र से लापता 23 वर्षीय युवक को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। युवक के सुरक्षित मिलने पर परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए जा रहे गुमशुदा एवं अपहृत व्यक्तियों की शीघ्र बरामदगी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में घुघली पुलिस ने यह सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार, थाना घुघली पर दर्ज गुमशुदगी संख्या 36/2026 के संबंध में ग्राम चौमुखा पूरब टोला निवासी राजन यादव (23) पुत्र स्वर्गीय हरिनंदन यादव को शुक्रवार को ग्राम चौमुखा से सकुशल बरामद कर लिया गया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद युवक को उसकी माता बिन्द्रावती देवी के सुपुर्द कर दिया गया।
पुत्र के सकुशल मिलने पर परिजनों ने महराजगंज पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक आशुतोष पाठक एवं हेड कांस्टेबल विरेन्द्र यादव शामिल रहे।

