हर्षोदय टाइम्स | अर्जुन चौधरी
सिसवा बाजार/महराजगंज। महराजगंज के कोठीभार थाना क्षेत्र में शनिवार शाम सबया-खड्डा गुरली रेलवे क्रॉसिंग के पास एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में उतर गई। हादसे में वाहन सवार दो युवक घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिसवा बाजार पहुंचाकर उपचार शुरू कराया।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को करीब 4:20 बजे राहगीरों ने सूचना दी कि यूपी 53 बीएम 0834 नंबर की सफेद स्कॉर्पियो गुरली रेलवे क्रॉसिंग से पहले मोड़ के पास अनियंत्रित होकर खेत में चली गई है। सूचना मिलते ही कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंची।
वाहन में सवार रोहित यादव (21 वर्ष) पुत्र राजवंशी यादव तथा भोला कुमार शाह (32 वर्ष) पुत्र अमरजीत शाह, दोनों निवासी सियाड़ीगढ़ मठिया, थाना मुफस्सिल, जिला सिवान (बिहार) घायल मिले। बताया गया कि दोनों खड्डा की ओर से सिसवा बाजार जा रहे थे, तभी मोड़ के पास वाहन का संतुलन बिगड़ गया और स्कॉर्पियो सड़क से नीचे उतर गई।
पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल सीएचसी सिसवा बाजार पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना उनके परिजनों को भी दूरभाष के माध्यम से दे दी गई है।
कोठीभार पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के बाद मौके पर स्थिति सामान्य है और शांति व्यवस्था कायम है।

