बागापार को जल्द मिलेगी आधार सेवा केंद्र की सौगात, हजारों ग्रामीणों को होगी सुविधा

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



जिला सूचना विज्ञान अधिकारी ने दिए सकारात्मक संकेत, प्रक्रिया अंतिम चरण में

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज। बागापार कस्बे में लंबे समय से उठ रही आधार सुधार केंद्र की मांग अब पूरी होने की ओर बढ़ रही है। क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर यह है कि आधार सेवा केंद्र स्थापित करने की प्रशासनिक प्रक्रिया तेज हो गई है और जल्द ही बागापार में यह सुविधा उपलब्ध होने की उम्मीद है।


इस संबंध में समाजसेवी रवींद्र कुमार जैन ने जिला प्रशासन के समक्ष मांग उठाई थी। मांग के क्रम में उन्होंने राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) में जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मनोज कुमार से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान जिला सूचना विज्ञान अधिकारी ने बताया कि आधार सुधार केंद्र की स्थापना के प्रस्ताव पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है तथा जल्द ही केंद्र संचालन की प्रक्रिया पूर्ण कर ली जाएगी।


वर्तमान समय में क्षेत्र के लोगों को आधार कार्ड में नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर और बायोमेट्रिक अपडेट कराने के लिए दूरस्थ केंद्रों का रुख करना पड़ता है। इससे ग्रामीणों को समय और धन दोनों की अतिरिक्त लागत वहन करनी पड़ती है। बागापार में केंद्र शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों को यह सुविधा उनके क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सकेगी।


प्रस्तावित केंद्र से बागापार सहित बेलवाकाजी, विजयपुर, जगपुर उर्फ सलामतगढ़, केवलापुर खुर्द, बड़हरा राजा, बरगदवा राजा, परासखांड़, बरवा राजा, रामपुर बुजुर्ग, कटहरा, मंगरहिया बेलभरिया, नाथनगर, कम्हरिया कला, सोनरा, सिसवनिया और बैजनाथपुर समेत आसपास के सैकड़ों गांवों के नागरिक लाभान्वित होंगे।


समाजसेवी रवींद्र कुमार जैन ने कहा कि क्षेत्र में आधार संबंधी सेवाओं के लिए लंबे समय से केंद्र की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। केंद्र खुलने से लोगों को अनावश्यक भागदौड़ से मुक्ति मिलेगी तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में भी आसानी होगी।


जनहित से जुड़ी इस मांग पर प्रशासनिक स्तर पर तेजी आने से क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है। लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही बागापार को आधार सुधार केंद्र की बहुप्रतीक्षित सौगात मिल जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *