हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं और कर्मियों की उपस्थिति की हकीकत जानने के लिए बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) नीना गुप्ता ने गुरुवार को क्षेत्र के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई केंद्रों पर कार्यकत्रियां और सहायिकाएं अनुपस्थित मिलीं। लगातार दूसरी बार अनुपस्थित पाए जाने पर तरकुलवा तिवारी केंद्र की तीन कार्यकत्रियों का मानदेय रोकने का आदेश दिया गया, जबकि अन्य अनुपस्थित कर्मियों को स्पष्टीकरण जारी किया गया है।
निरीक्षण की शुरुआत धर्मपुर आंगनबाड़ी केंद्र से हुई। यहां कार्यकत्री संगीता गुप्ता और मनीषा गुप्ता उपस्थित मिलीं, जबकि आशा जायसवाल, नीलम जायसवाल और सहायिका रम्भा देवी अनुपस्थित पाई गईं।
इसके बाद नगर पंचायत परतावल स्थित छातीराम आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया गया। यहां कार्यकत्री उषा सिंह और सहायिका अनुपस्थित मिलीं। निरीक्षण के समय केंद्र पर महज चार बच्चे ही उपस्थित थे।
सबसे गंभीर स्थिति तरकुलवा तिवारी आंगनबाड़ी केंद्र पर मिली। यहां कार्यकत्री अमीरुन निशा, रीता श्रीवास्तव और अनुराधा अनुपस्थित थीं, जबकि तीनों सहायिकाएं गीता, मनीषा और उषा केंद्र पर मौजूद मिलीं। सीडीपीओ ने बताया कि करीब 15 दिन पहले भी इसी केंद्र का निरीक्षण किया गया था, जिसमें तीनों कार्यकत्रियां अनुपस्थित मिली थीं। दोबारा अनुपस्थित पाए जाने पर तीनों का मानदेय रोकने का आदेश दिया गया है।
सीडीपीओ नीना गुप्ता ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों की नियमित जांच आगे भी जारी रहेगी। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए जाने वाले कर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने केंद्रों पर निर्धारित व्यवस्थाओं के साथ बच्चों की उपस्थिति और विभागीय कार्यों को गंभीरता से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

