मोटरसाइकिल चोरी गिरोह का पर्दाफाश, तीन शातिर चोर गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


चोरी की तीन बाइक बरामद, पनियरा और श्यामदेउरवा के मामलों का हुआ खुलासा

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज, 25 जून। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पनियरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी की गई तीन मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जिनका संबंध पनियरा और श्यामदेउरवा थानों में दर्ज चोरी के मुकदमों से पाया गया है।


पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थानाध्यक्ष पनियरा संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाकी बंधा नहर तिराहा क्षेत्र से तीन संदिग्ध युवकों को चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार किया गया।


पूछताछ और वाहन सत्यापन के दौरान बरामद मोटरसाइकिलों का संबंध थाना पनियरा एवं थाना श्यामदेउरवा में दर्ज मोटरसाइकिल चोरी के मामलों से पाया गया। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


गिरफ्तार अभियुक्तों में विजय जायसवाल (52) निवासी सतगुर, थाना पनियरा, जलालु (23) तथा राजा बाबू (21) निवासी कुआचांप, थाना पनियरा शामिल हैं।


पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से पैशन प्रो (UP53BN8328), स्प्लेंडर प्लस (UP56S9862) तथा एचएफ डीलक्स (UP56V1996) मोटरसाइकिल बरामद की है।


पुलिस के अनुसार बरामदगी के आधार पर थाना पनियरा एवं श्यामदेउरवा में दर्ज तीन मोटरसाइकिल चोरी के मामलों का सफल अनावरण किया गया है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह सहित उपनिरीक्षक शशिकांत यादव, रमेश चन्द्र चौधरी, अमित कुमार राय, संदीप कुमार यादव, अशोक कुमार गिरि तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *