पुलिया निर्माण के बीच बड़ी पहल, वैकल्पिक रास्ते ने खत्म की ग्रामीणों की परेशानी

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज। चिऊरहां-बागापार मार्ग पर लंबे समय से बनी आवागमन की समस्या अब खत्म होने की ओर है। ग्राम सभा बागापार के पास वैकल्पिक मार्ग का निर्माण कर दिया गया है, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। साथ ही निर्माणाधीन पुलिया पर छत डालने का कार्य भी पूरा कर लिया गया है, जिससे मार्ग के जल्द पूरी तरह चालू होने की उम्मीद बढ़ गई है।


बताया जा रहा है कि पुलिया निर्माण कार्य के चलते इस मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई थी। इसका असर सबसे ज्यादा ग्रामीणों, छात्रों और राहगीरों पर पड़ा, जिन्हें कई किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही थी। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती थी।


इस समस्या को लेकर क्षेत्र के ग्रामीण रोग ने आवाज उठाई  और स्थानीय जनप्रतिनिधियों व प्रशासन से समाधान की मांग करते रहे। वहीं कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विभागीय अधिकारियों से वार्ता कर त्वरित व्यवस्था सुनिश्चित कराई।


उनके प्रयासों के परिणामस्वरूप बागापार के समीप वैकल्पिक मार्ग तैयार कराया गया, जिससे अब लोगों को राहत मिलने लगी है। साथ ही पुलिया निर्माण कार्य में तेजी लाकर उसकी छत भी डाल दी गई है।


ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए कहा कि अब उन्हें रोजमर्रा के कामों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। छात्रों को स्कूल जाने में सुविधा होगी और किसानों के लिए खेतों तक पहुंच आसान हो जाएगी। स्थानीय लोगों ने इस पहल के लिए समाजसेवी और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।


उधर, संबंधित विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पुलिया का शेष कार्य भी शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद मार्ग पूरी तरह से सुचारु रूप से चालू कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *