महराजगंज में हर्षोल्लास से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

कलेक्ट्रेट में डीएम गौरव सिंह सोगरवाल ने किया ध्वजारोहण, विकास भवन में सीडीओ महेंद्र कुमार सिंह ने दिलाई स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को साकार करने की शपथ

महराजगंज, 15 अगस्त। जनपद में शनिवार को आजादी का 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों एवं सार्वजनिक प्रतिष्ठानों पर ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान हुआ। विभिन्न स्थानों पर देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कलेक्ट्रेट में स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानियों को किया नमन

कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कलेक्ट्रेट भवन पर ध्वजारोहण किया। इसके बाद कलेक्ट्रेट सभागार में स्वतंत्रता संग्राम के वीर बलिदानियों तथा महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों पर विचार गोष्ठी आयोजित हुई।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने जनपदवासियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता देश की अमूल्य धरोहर है। भारत को गुलामी की बेड़ियों से मुक्त कराने में सत्य, अहिंसा और देशभक्ति की भावना की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव सहित सभी वीर बलिदानियों और महात्मा गांधी के योगदान को नमन करते हुए कहा कि देश की आजादी के लिए दिए गए बलिदानों को सदैव याद रखना चाहिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि युवाओं को स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों के जीवन और संघर्षों से प्रेरणा लेनी चाहिए। उनके जीवन चरित्र का अध्ययन युवाओं को गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के प्रति संवेदनशील, उदार और जिम्मेदार बनने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं की अपेक्षाएं बढ़ी हैं और उनके प्रति जिम्मेदारी के साथ कार्य करना आवश्यक है।

अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार ने कहा कि वीर सपूतों ने कठिन संघर्ष और असंख्य बलिदानों के बाद देश को आजादी दिलाई। संविधान का उद्देश्य सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय सुनिश्चित करना है। प्रत्येक लोक सेवक का दायित्व है कि वह सत्यनिष्ठा एवं संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक न्याय एवं अधिकारों की पहुंच सुनिश्चित करे।

एडीएम (न्यायिक) ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और महापुरुषों ने अपने प्राणों का बलिदान देकर देश को आजादी दिलाई तथा ऐसा संविधान दिया, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति को सरल एवं सुलभ न्याय प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि समाज में न्याय व्यवस्था के प्रति विश्वास कायम रखना सभी की जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर अपर उपजिलाधिकारी जितेंद्र सिंह, विजय यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अरुण मौर्य ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए और गोष्ठी का संचालन किया।

विकास भवन में सीडीओ ने किया ध्वजारोहण

विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद विकास भवन सभागार में विचार गोष्ठी आयोजित हुई। सीडीओ ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और हमारे पूर्वजों ने स्वतंत्र भारत के निर्माण के सपने देखे थे। उन सपनों को साकार करना हम सभी का दायित्व है।

उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर उनका लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। यही स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी बीएन कन्नौजिया, परियोजना निदेशक राम दरश चौधरी, उपायुक्त श्रम रोजगार गौरवेंद्र सिंह सहित अन्य जिलास्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *