धान की रोपाई के बीच अचानक गायब हुआ युवक, परिजनों की बढ़ी चिंता

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


घुघली (महराजगंज)। घुघली थाना क्षेत्र के चौमुखा गांव का एक युवक धान की रोपाई करने के दौरान रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया। घटना के बाद से परिजन परेशान हैं और लगातार उसकी तलाश में जुटे रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस की शरण लेनी पड़ी।


जानकारी के अनुसार चौमुखा निवासी 23 वर्षीय राजन यादव, पुत्र स्वर्गीय हरिनंदन यादव, बुधवार सुबह करीब 10 बजे गांव के ही एक व्यक्ति के खेत में धान की रोपाई करने गया था। खेत में काम करते समय उसने साथियों से घर जाकर भोजन करने की बात कही और वहां से निकल गया। हालांकि वह घर नहीं पहुंचा और उसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका।


युवक के घर न लौटने पर परिजनों ने पहले अपने स्तर पर रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में तलाश की। पूरी रात खोजबीन के बावजूद कोई जानकारी नहीं मिली। गुरुवार को परिजन घुघली थाने पहुंचे और लिखित तहरीर देकर युवक के लापता होने की सूचना दी।


पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी सूरज कुमार ने बताया कि युवक की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।


युवक के अचानक लापता होने से परिवार में चिंता और गांव में तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *