डायल-112 पहुंची मौके पर, पुलिस की मौजूदगी के बावजूद जिम्मेदारों ने घटना की जानकारी से किया इनकार
हर्षोदय टाइम्स/ बिमलेश कुमार पाण्डेय,
घुघली/महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के बारी गांव चौराहे पर बुधवार को एक व्यक्ति ने शराब के नशे में बीच सड़क पर लेटकर जमकर उत्पात मचाया, जिससे आवागमन घंटों तक प्रभावित रहा। राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उक्त व्यक्ति नशे की हालत में सड़क के बीचों-बीच लेट गया और हटने से इनकार करता रहा। स्थानीय लोगों ने उसे समझाकर सड़क से हटाने का प्रयास किया, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुआ। स्थिति बिगड़ने पर किसी ने डायल-112 पर सूचना दी।
सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद युवक को सड़क से हटाया। इसके बाद चौराहे पर आवागमन सामान्य हो सका। घटना के दौरान वहां लोगों की भीड़ जुटी रही।
हालांकि, जब इस संबंध में घुघली थाना प्रभारी सूरज कुमार से जानकारी ली गई तो उन्होंने कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। वहीं जखीरा चौकी के एसआई सुरेंद्र कुमार शर्मा ने भी घटना की जानकारी होने से इनकार किया।
दिलचस्प बात यह है कि मौके से सामने आई तस्वीरों में पुलिसकर्मी युवक को सड़क से हटाते हुए दिखाई दे रहे हैं। साथ ही डायल-112 की टीम के मौके पर पहुंचने की पुष्टि भी स्थानीय लोगों द्वारा की जा रही है। ऐसे में पुलिस की मौजूदगी के बावजूद थाना और चौकी स्तर पर घटना की जानकारी न होने का दावा कई सवाल खड़े कर रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर नशे की हालत में इस तरह का व्यवहार न केवल यातायात व्यवस्था को प्रभावित करता है, बल्कि किसी बड़े हादसे का कारण भी बन सकता है। लोगों ने ऐसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

